
सोशल मीडिया पर इन दिनों बंगलादेश के 35 वर्षीय मोरू मियां की अजीबोगरीब कहानी चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि भीख मांगकर अपना गुजारा करने वाले मोरू की 21 पत्नियां हैं। उसकी जिंदगी से जुड़ी इस कहानी ने इंटरनैट पर लोगों को हैरान कर दिया है।
खुद नहीं किया शादी का प्रस्ताव, महिलाएं आईं आगे
आमतौर पर शादी का फैसला लेने से पहले लोग कई पहलुओं पर विचार करते हैं, लेकिन मोरू मियां का दावा है कि उसकी जिदगी में इसके उलट हुआ। उसने बताया कि - उसने कभी किसी महिला के सामने शादी का प्रस्ताव नहीं रखा, बल्कि महिलाएं खुद उसके पास आईं।
मोरू के अनुसार, उसे नहीं पता कि महिलाएं उसमें ऐसा क्या देखती हैं कि शादी के लिए तैयार हो जाती हैं। उसने यह भी बताया कि कुछ महिलाएं उससे उम्र में बड़ी थीं। उसका कहना है कि उसने किसी को मना करने से परहेज किया, क्योंकि उसे डर था कि इससे सामने वाली को बुरा लग सकता है और लोग क्या कहेंगे।
भीख मांगकर चलता है गुजारा
21 पत्नियां होने के बावजूद मोरू की आर्थिक स्थिति साधारण बताई जाती है। रिपोर्ट के अनुसार, वह एक कमरे की छोटी-सी झोपड़ी में रहता है और उसकी आजीविका का मुख्य साधन भीख मांगना है।
बताया जाता है कि मोरू ने इसके लिए एक खास तरीका अपना रखा है। वह हर दिन अपनी किसी एक पत्नी को साथ लेकर भीख मांगने निकलता है। इस तरह उसकी पत्नियां बारी-बारी से उसके साथ जाती हैं।
सभी पत्नियों के नाम याद रखना मुश्किल'
जब पत्रकारों ने मोरू से उसकी 21 पत्नियों के नाम पूछे, तो वह सभी के नाम नहीं बता सका। उसे शीला, नरगिस, सेलेना, आलिया, तारा, ज्योत्सना, राबिया और पारुल जैसे कुछ नाम ही याद थे। मोरू ने स्वीकार किया कि इतनी सारी पत्नियों के नाम याद रखना उसके लिए मुश्किल है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
मोरू मियां की कहानी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग उसके व्यक्तित्व और बातचीत के अंदाज पर मजाकिया टिप्पणियां कर रहे हैं, तो कुछ इस मामले को अलग नजरिए से देख रहे हैं।
एक यूजर ने अंनुमान जताया कि शायद मोरू ने उन महिलाओं को सहारा दिया हो, जिन्हें समाज ने स्वीकार नहीं किया। वहीं, कुछ लोगों ने इस कहानी को लेकर हैरानी जताई और मजाकिया अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी।
नोट: सोशल मीडिया पर वायरल होने के बावजूद, उनकी 21 शादियों के इस दावे की अभी तक कोई आधिकारिक या कानूनी पुष्टि नहीं हुई है।


Thankyou