![]() |
| प्राचीन भारत के ज्ञान-केंद्र : कश्मीर की प्राचीन 'शारदा पीठ' |
कश्मीर को प्राचीन भारत में सिर्फ अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए नहीं, बल्कि ज्ञान और विद्या की भूमि के रूप में भी जांना जाता था। इसी परम्परा में शारदा पीठ का नाम बेहद महत्वपूर्ण है। आज यह ऐतिहासिक स्थल पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के नीलम घाटी क्षेत्र में स्थित है। प्राचीन समय में यह स्थान देवी शारदा 'यानी विद्या की देवी सरस्वती को समर्पित एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल होने के साथ-साथ अध्ययन और विद्वत चर्चा का बड़ा केंद्र भी था। कई इतिहासकार इसे भारतीय उपमहाद्वीप के प्राचीन उच्च शिक्षा केंद्रों में गिनतें हैं।
ज्ञान का बड़ा केंद्र
शारदा पीठ की शुरुआत कब हुई, इसे लेकर इतिहासकारों में पूरी सहमति नहीं है। इसके विकास को अलग-अलग कालखंडों से जोड़ा जाता है। मध्यकालीन स्रोतों में इसकी ख्याति एक ऐसे केंद्र के रूप में मिलती है, जहां संस्कृत और विभिन्न शास्त्रों का अध्ययन होता था। कश्मीर में संस्कृत साहित्य के विकास और शारदा लिपि के प्रसार में भी इस परम्परा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यहां वेद, व्याकरण, दर्शन, तर्कशास्त्र, साहित्य, ज्योतिष, गणित और विभिन्न धार्मिक दार्शनिक परम्पराओं का अध्ययन किए जाने के उल्लेख मिलते हैं। कुछ ऐतिहासिक विवरणों में शैव दर्शन और बौद्ध विचारधारा से जुड़े अध्ययन का भी जिक्र मिलता है। इसका मतलब था कि शिक्षा केवल धार्मिक ग्रंथों तक सीमित नहीं थी, बल्कि भाषा, तर्क, दर्शन और गणित जैसे विषयों तक फैली हुई थी।
संस्कृत और व्याकरण की विशेष प्रति
शारदा पीठ की सबसे बड़ी विशेषताओं में उसकी विद्वत परम्परा और पुस्तक संग्रह को माना जाता है। एक प्रसिद्ध परम्परा के अनुसार, यहां संस्कृत व्याकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण ग्रंथ उपलब्ध थे। 13वीं शताब्दी के 'प्रभावकचरित' में उल्लेख मिलता है कि जैन विद्वान हेमचंद्र के लिए शारदा पीठ से संस्कृत व्याकरण के ग्रंथों की प्रतियां मंगाई गई थीं। इससे इस केंद्र के पुस्तक संग्रह की प्रतिष्ठा का अंदाजा लगाया जाता है।
कौन थे यहां के विद्वान और विद्यार्थी ?
शारदा पीठ से जुड़े प्रसिद्ध नामों में कल्हण, कश्मीर के महान इतिहासकार और 'राजतरंगिणी' के रचयिता, का नाम लिया जाता है। इसके अलावा दार्शनिक आदि शंकराचार्य और गणितज्ञ वटेश्वर को भी यहां के अध्ययन से जोड़ा जाता है। वटेश्वर ने 10वीं शताब्दी में 'वटेश्वर सिद्धांत' की रचना की थी, जिसमें गणित और खगोल से जुड़े विषयों पर चर्चा मिलती है।
बौद्ध परम्परा से जुड़े कुमारजीव और तिब्बती अनुवादक रिनचेन जांगपो के भी कश्मीर की विद्वत परम्परा से संबंध बताए जाते हैं। तिब्बती भाषा के लिए लिपि विकसित करने वाले थोनमी संभोटा के बारे में भी परम्परा है कि उन्होंने कश्मीर में संस्कृत व्याकरण और विभिन्न लिपियों का अध्ययन किया और बाद में तिब्बती लिपि के विकास में उसका उपयोग किया।
प्रसिद्ध शिक्षक कौन थे ?
उस समय शिक्षा आज की तरह विश्वविद्यालयी विभागों और पदों में व्यवस्थित नहीं थी। अलग-अलग आचार्य, पंडित, दार्शनिक और धार्मिक विद्वान अपने-अपने विषयों में शिष्यों को शिक्षा देते थे। कश्मीर की व्यापक बौद्ध और संस्कृत परम्परा में अनेक विद्वानों ने दर्शन, व्याकरण और साहित्य को आगे बढ़ाया। बाद के दौर में अभिनवगुप्त जैसे कश्मीरी दार्शनिकों ने शैव दर्शन और सौंदर्यशास्त्र को नई ऊंचाइयां दीं।
शारदा पीठ की सबसे बड़ी विरासत यही थी कि उसने कश्मीर को लंबे समय तक ज्ञान, भाषा, दर्शन और विद्वत चर्चा की भूमि बनाए रखने में योगदान दिया।
यहां की शारदा लिपि और संस्कृत, की परम्परा का प्रभाव कश्मीर से बाहर तक पहुंचा। आज खंडहरों के रूप में मौजूद यह स्थल उस दौर की याद दिलाता है. जब ज्ञान की तलाश में विद्वान लंबी यात्राएं करते थे और पुस्तकें तथा विचार दूर दूर तक यात्रा करते थे



Thankyou