शादी, पार्टी या किसी खास इवेंट से कुछ दिन पहले चेहरे पर अचानक पिंपल निकल आए तो चिंता होना स्वाभाविक है। पिंपल न सिर्फ चेहरे की खूबसूरती को प्रभावित करता है, बल्कि उसके आसपास लालिमा, सूजन और हल्का दर्द भी हो सकता है। ऐसे में तुरंत राहत के लिए कई लोग घरेलू उपाय आजमाते हैं। इन्हीं में से एक है ग्रीन टी और बर्फ का इस्तेमाल।
कैसे काम करती है ग्रीन टी और बर्फ ?
ग्रीन टी में मौजूद पॉलीफेनॉल में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। दूसरी ओर, ठंडक प्रभावित हिस्से की सूजन और लालिमा को अस्थायी रूप से कम कर सकती है। इसलिए, अगर किसी पिंपल में ज्यादा सूजन या रेडनेस है, तो ग्रीन टी से बने आइस क्यूब की हल्की सिकाई कुछ लोगों को राहत दे सकती है।
ऐसे बनाएं ग्रीन टी आइस क्यूब
इसे तैयार करना काफी आसान है। इसके लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें :
* सबसे पहले एक कप पानी उबालें।
* इसमें 1-2 ग्रीन टी बैग या करीब एक चम्मच ग्रीन टी की पत्तियां डालें।
*5 मिनट तक ढककर रखें और फिर छान लें।
* ग्रीन टी को पूरी तरह ठंडा होने दें।
* साफ आइस ट्रे में डालकर फ्रीजर में जमा लें।
* आइस क्यूब पूरी तरह जमने के बाद ही इसका इस्तेमाल करें।
चेहरे पर लगाने का सही तरीका
बर्फ को सीधे त्वचा पर रगड़ना ठीक नहीं है। इससे जलन, लालिमा या त्वचा को नुकसान हो सकता है। इसलिए ग्रीन टी आइस क्यूब का इस्तेमाल करते समय इन बातों का ध्यान रखें:
* पहले चेहरे को माइल्ड क्लींजर से साफ कर लें।
* ग्रीन टी आइस क्यूब को साफ और पतले सूती कपड़े में लपेटें।
* इसे पिंपल वाली जगह पर हल्के हाथों से लगाएं।
* आइस क्यूब को लगातार रगड़ने के बजाय थोड़ी-थोड़ी देर के लिए हल्की सिकाई करें।
* तेज जैलन, सुन्नपन या असहजता महसूस हो तो तुरंत इस्तेमाल बंद कर दें।
आइसिंग के बाद ऐसे रखें त्वचा का ख्याल
ठंडी सिकाई के बाद त्वचा को मॉइस्चराइज करना जरूरी है। चेहरे को रगड़कर सुखाने के बजाय मुलायम तौलिए से हल्के हाथों से थपथपा कर सुखाएं। इसके बाद अपनी त्वचा के अनुसार नॉन-कॉमेडोजेनिक या ऑयल-फ्री मॉइस्चराइजर लगाया जा सकता है। अगर दिन में बाहर निकलना है, तो संनस्क्रीन लगाना भी न भूलें।
क्या पिंपल के दाग भी मिट जाएंगे ?
ग्रीन टी आइस क्यूब से पिंपल की सूजन या लालिमा में अस्थायी राहत मिल सकती है, लेकिन पुराने दाग या मुंहासों के निशान मिटाने का यह प्रमाणित इलाज नहीं है। अगर मुंहासों के निशान लंबे समय तक बने रहते हैं या बार बार मुंहासे होते हैं, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है।
किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए ?
बहुत संवेदनशील त्वचा वाले लोगों को इस उपाय का इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए। चेहरे पर कट, घाव या पहले से जलन हो तो बर्फ लगाने से बचें। साथ ही, बार-बार होने वाले, दर्दनाक या गंभीर मुंहासों के लिए केवल घरेलू नुस्खों पर निर्भर न रहें। ऐसे मामलों में त्वचा विशेषज्ञ कारण के अनुसार उचित उपचार बता सकते हैं।


Thankyou