सभी लड़के-लड़कियां सुंदर नहीं होते और सुंदर लड़के-लड़कियों की संख्या कम ही होती है। अब सवाल उठता है कि सुंदरता कम अनुपात में क्यों है? कभी आपने गौर फरमाया कि लोहे के मुकाबले सोना कम मात्रा में पाया जाता है। पानी की तुलना में दूध कम मात्रा में मिलता है। आखिर क्यों ? यदि ये सब समान मात्रा में मिलने लगेंगे तो फिर परखने की कसौटी ही क्या रह जाएगी ? बुरा है, इसलिए अच्छे के प्रति आकर्षण है, अवगुण हैं, इसलिए सद्गुण परिभाषित किए जा सकते हैं, अन्यथा सब कुछ घालमेल हो जाता।

केवल सुंदरता ही किसी को अपना बनाने के लिए पर्याप्त नहीं। कुछ और भी गुण होते हैं, जिनका अहसास कर लोग एक-दूसरे के प्रति आकर्षित होते हैं, प्रभावित होते हैं।
प्रभावित करने के विभिन्न पहलू क्या हैं?
लड़की का स्वभाव मधुर होना उसका सबसे पहला गुण है। लड़की भले ही सुंदर न हो, उच्च शिक्षित न हो, बड़े घर की न हो, लेकिन यदि उसका स्वभाव अच्छा है, वह हंसमुख है तो वह सबको अच्छी लगती है। चिड़चिड़े स्वभाव के विपरीत हंसने-हंसाने की आदत वाली और सबको खुश रखने वाली लड़की सबके आकर्षण का केंद्र बन जाती है। कई लड़कियों में शर्म, संकोच तथा मुस्कुराने
के अंदाज ऐसे होते हैं, जो सबको अच्छे लगते हैं। कई लड़कियां बात-बात में शरमा जाती हैं। शर्म से उनकी गर्दन झुक जाती है और गाल लाल हो जाते हैं। आंखों में भी एक अजीब-सी चमक छा जाती है। ऐसी लज्जाशीलता किसी के भी आकर्षण का केंद्र बन जाती है।
कुछ लड़कियों के हाव-भाव भी बहुत अच्छे लगते हैं, जैसे हाथ घुमा-घुमाकर या आंखें मटकाकर बातें करना। चेहरे से एकदम भोली-भाली बन जाना आदि। किसी-किसी की मुस्कुराहट में इतनी कशिश होती है कि वह सामने वाले को सब कुछ भुला देती है। होंठो-होंठों में मुस्कुराती लड़की के अंदाज पर कोई भी फिदा हो जाता है।
कई लड़कियों में आत्मीयता का गुण होता है, जो सबको भाता है। ऐसी लड़की किसी के भी दुख-दर्द में शामिल हो जाती है। वह सबकी छोटी से छोटी बात व रुचि का ख्याल रखती है और उसकी हर परेशानी में उदारतापूर्वक अपनी सम्पूर्ण मदद देने को आतुर रहती है। ऐसी लड़कियां बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं, सभी के प्रति कोमल भावनाएं रखती हैं।
लड़की का धैर्यशील होना उसका एक बहुत बड़ा गुण है। जिसमें धैर्य होगा, वह गम्भीर स्थिति में भी अपने को व परिवार को संभाल लेगी। कठिन परिस्थितियों में भी धीरज नहीं खोने वाली लड़की इसी गुण के कारण सर्वप्रिय बन जाती है। लड़के भी ऐसी लड़की को जीवन संगिनी बनाना पसंद करते हैं। कुछ लड़कियों में पढ़ने-लिखने और काम करने की खूब लगन होती है। वे अपनी कार्यकुशलता, दक्षता और बुद्धिमता से सबको प्रभावित करती हैं। ऐसी लड़कियां आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर भी होती हैं।
सुदर्शन व्यक्तित्व लड़की का सबसे बड़ा गुण होता है। सलीके से पहने हुए कपड़े, अच्छी तरह संवरे हुए बाल, चाल-ढाल न में आकर्षण, बात करने में सहजता और चेहरे पर गंभीरता व्यक्तित्व में निखार लाते हैं। ऐसी लड़कियों के व्यक्तित्व को देखकर ही दूसरों पर उनका दबदबा बन जाता है। किसकी किस अदा पर कब किस का दिल आ जाए, किसका कौन-सा गुण कब किसको भाजाए, कहना मुश्किल है। मगर यह निश्चित है कि लड़की के प्रति आकर्षण में सिर्फ सुंदरता ही नहीं, उसके गुण भी महत्व रखते हैं।
Thankyou