कल्पना कीजिए, आज से लगभग 1,200 साल पहले का समय ! न बिजली थी, न इंटरनैट और न ही आधुनिक स्कूलों जैसी इमारतें। फिर भी भारत में ऐसे शिक्षा केंद्र मौजूद थे, जहां दूर-दूर से विद्यार्थी पढ़ने आते थे। ऐसा ही एक प्रसिद्ध केंद्र था रत्नागिरि महाविहार, जो आज के ओडिशा राज्य के जाजपुर जिले में स्थित है।
पहाड़ियों के बीच ज्ञान का खजाना
रत्नागिरि का अर्थ है 'रत्नों का पहाड़'। यह स्थान पांचवीं शताब्दी ईस्वी के आसपास एक महत्वपूर्ण बौद्ध केंद्र के रूप में विकसित होने लगा था। आठवीं से दसवीं शताब्दी के बीच यहां बौद्ध धर्म और शिक्षा का विशेष विकास हुआ। उस समय ओडिशा पर शासन करने वाले भौमकर राजवंश के शासकों ने बौद्ध संस्थानों को संरक्षण दिया।
रत्नागिरि, उदयगिरि और ललितगिरि को मिलाकर ओडिशा का प्रसिद्ध 'डायमंड ट्रायंगल' यानी 'हीरों का त्रिकोण' कहा जाता है। इन तीनों स्थानों पर प्राचीन बौद्ध मठों और स्मारकों के अवशेष मिले हैं। रत्नागिरि में बड़े मठ, प्रार्थना स्थल, स्तूप और सुंदर नक्काशी वाली मूर्तियां मिली हैं। इनसे पता चलता है कि यह केवल पूजा करने का स्थान नहीं, बल्कि अध्ययन और साधना का भी बड़ा केंद्र था।
क्या-क्या पढ़ाया जाता था यहां ?
रत्नागिरि में पढ़ाई का उद्देश्य केवल किताबों का ज्ञान प्राप्त करना नहीं था। विद्यार्थी अपने मन, विचारों और व्यवहार को बेहतर बनाने की कोशिश भी करते थे। यहां शिक्षा के कई महत्वपूर्ण विषय थे। जैसे कि बौद्ध दर्शन, महायान बौद्ध धर्म, वज्रयान बौद्ध धर्म, योग और ध्यान, कालचक्र की शिक्षा। विद्यार्थी केवल ज्ञान हासिल नहीं करते थे, बल्कि अपने जीवन को बेहतर बनाने के तरीके भी सीखते थे।
कौन थे प्रसिद्ध गुरु और विद्यार्थी ?
रत्नागिरि से जुड़े इतिहास और बौद्ध परंपराओं में कई विद्वानों और साधकों का उल्लेख मिलता है।
आचार्य पिटोपाद (बिटोपा): बौद्ध परंपराओं में आचार्य बिटोपा का नाम रत्नागिरि में कालचक्र की शिक्षा के प्रसार से जोड़ा जाता है। तिब्बती बौद्ध ग्रंथों के अनुसार, उन्होंने कालचक्र से संबंधित ज्ञान को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से इस विषय के अध्ययन को विशेष महत्व मिला।
प्रज्ञा: प्रज्ञा एक प्रसिद्ध बौद्ध भिक्षु थे, जिनका संबंध रत्नागिरि से बताया जाता है। उन्होंने भारत के विभिन्न शिक्षा केंद्रों में अध्ययन किया और बाद में चीन गए। वहां उन्होंने बौद्ध दर्शन और आध्यात्मिक ज्ञान के प्रसार में योगदान दिया। उनकी यात्रा बताती है कि उस समय भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रभाव दूसरे देशों तक भी पहुंच रहा था।
बोधिश्री और बोधिसि: बौद्ध परंपराओं में बोधिश्री और बोधिसि जैसे साधकों का उल्लेख भी मिलता है। इनका संबंध रत्नागिरि की आध्यात्मिक और तांत्रिक बौद्ध परंपराओं से जोड़ा गया है। बोधिसि के बारे में बताया जाता है कि उन्होंने योग का अभ्यास किया था।
रत्नागिरि की प्रसिद्धि का एक बड़ा कारण यह भी था कि यहां का ज्ञान भारत की सीमाओं से बाहर तक पहुंचा। चीन और तिब्बत जैसे क्षेत्रों के साथ बौद्ध विचारों का आदान-प्रदान हुआ। इससे अलग-अलग देशों के लोगों को एक-दूसरे की परंपराओं को समझने का अवसर मिला।


Thankyou