![]() |
| अपने पार्टनर से झगड़े के बाद चुप्पी तोड़ने के तरीके ways-to-break-the-silence-after-a-fight-with-a-partner |
रिश्तों में बहस होना सामान्य है, लेकिन झगड़े के बाद छाई खामोशी और असहजता रिश्ते में दूरी बढ़ा सकती है। बहस खत्म होने के बाद माहौल सामान्य करना जरूरी होता है। अगर दोनों में से कोई पहल नहीं करता, तो गलतफहमियां और भावनात्मक दूरी बढ़ सकती है। ऐसे में समझदारी से पहल कर रिश्ते में दोबारा गर्माहट लाना जरूरी है।
बहस बढ़ने से पहले संभलें
हर बहस जरूरी नहीं होती। बहुत-सी बहसें छोटी बातों पर शुरू होती हैं और बड़ी बन जाती हैं। ऐसे में अगर शुरूआत में ही कोई एक व्यक्ति धैर्य रख ले, तो बात बिगड़ने से बच सकती है। अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखें, और सामने वाले की बात पूरी सुनें। इससे स्थिति बिगड़ने से पहले ही संभल सकती है।
रंजिशों को मन में न पालें
झगड़े के बाद जो असहजता बनी रहती है, उसका बड़ा कारण यह है कि हम मन में पुरानी बातें दोहराते रहते हैं। अगर आप सच में सुलह चाहते हैं, तो मन से उन बातों को जाने देना जरूरी है। यह तय करें कि रिश्ते की शांति 'सही साबित' होने से ज्यादा जरूरी है।
बहस का बार-बार विश्लेषण न करें
किसने क्या कहा और किस अंदाज में कहा, इस पर लगातार सोचते रहने से आप उसी तनाव में फंसे रहते हैं। बात सुलझ गई है तो उसे पीछे छोड़कर सामान्य दिनचर्या में लौटने की कोशिश करें।
स्नेह से दूरी कम करें
कभी-कभी शब्दों से ज्यादा गले लगना या एक प्यार भरा स्पर्श असर करता है। इससे सामने वाले को यह अहसास होता है कि आप मतभेद पीछे छोड़कर रिश्ते को संभालना चाहते हैं।
जरूरत हो तो माफी मांगें
'अपनी गलती स्वीकार करने में संकोच न करें। पहल करके माफी मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि रिश्ते के प्रति आपकी गंभीरता दिखाता है।
हल्की बातचीत से शुरूआत करें
लंबी चुप्पी तोड़ने के लिए किसी मजेदार घटना या पुराने खुशनुमा पल का जिक्र कर सकते हैं। छोटी-सी सहज बातचीत तनाव कम करने में मदद कर सकती है।
माहौल बदलें
अगर झगड़ा घर में हुआ है, तो कुछ समय के लिए बाहर टहलने जाएं, कैफे में बैठें या किसी शांत जगह पर साथ समय बिताएं। जगह बदलने से मन भी थोड़ा हल्का हो सकता है।
खुलकर बात करें
अगर सामने वाला अब भी नाराज या असहज है, तो सीधे बात करें। अपनी भावनाएं स्पष्ट रूप से बताएं और कहें कि आप मतभेद खत्म कर आगे बढ़ना चाहते हैं। खुला संवाद रिश्ते में भरोसा मजबूत करता है।



Thankyou