काजल आंखों की खूबसूरती निखारने के साथ पूरे लुक को आकर्षक बनाता है। मेकअप हल्का हो या ट्रैडिशनल, कई महिलाओं की मेकअप किट में यह 'जरूर शामिल होता है। हालांकि, बाजार में मिलने वाले कुछ काजल से आंखों में जलन, चुभन या भारीपन महसूस हो सकता है। ऐसे में कुछ लोग घर पर पारंपरिक तरीके से काजल तैयार करते हैं।
इसे बनाते समय साफ-सफाई और सावधानी का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि आंखों के आसपास इस्तेमाल होने वाली किसी भी चीज को पूरी तरह सुरक्षित मानना उचित नहीं है।
घर पर काजल बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
देसी घी - 1 छोटी कटोरी, कॉटन - जरूरत के
अनुसार, मिट्टी का दीया - 1, स्टील या कांसे की प्लेट – 1, कांच के 2 गिलास या छोटी कटोरियां, सार्फ और सूखी छोटी डिब्बी।
यूं बनाएं घर पर काजल
सबसे पहले सभी सामान को अच्छी तरह साफ़ करके पूरी तरह सुखा लें। मिट्टी के दीये में थोड़ा-सा देसी घी डालें और कॉटन की बत्ती बनाकर उसमें रखें। बत्ती जलाकर दीये को ऐसी सुरक्षित जगह पर रखें, जहां आसपास कोई ज्वलनशील वस्तु न हो।
दीये के दोनों तरफ कांच के गिलास या छोटी कटोरियां रखें। इनके ऊपर स्टील की प्लेट को उल्टा करके इस तरह रखें कि उसका निचला हिस्सा दीये की लौ के ठीक ऊपर रहे। लौ से निकलने वाला धुआं प्लेट के निचले हिस्से पर कालिख की परत जमा करेगा।
दीये को कुछ समय तक जलने दें। इसके बुझने के बाद प्लेंट को पूरी तरह ठंडा होने दें। गर्म प्लेट को छूने या तुरंत कालिख निकालने की कोशिश न करें।
प्लेट ठंडी होने पर साफ और सूखे चम्मच की मदद से जमा कालिख को धीरे-धीरे खुरचकर साफ, सूखी और ढक्कन वाली डिब्बी में रखें।
अगर कालिख बहुत सूखी या सख्त लगे, तो उसमें थोड़ी मात्रा में देसी घी मिलाकर मुलायम पेस्ट जैसा तैयार किया जा सकता है।
काजल लगाते समय इन बातों का रखें ध्यान
घर पर तैयार किया गया काजल प्राकृतिक सामग्री से बना हो, फिर भी इसे पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जा सकता। इसे बनाते और इस्तेमाल करते समय स्वच्छता का ध्यान रखें। लगाने के लिए साफ एप्लीकेटर या ब्रश का इस्तेमाल करें और उसे किसी दूसरे व्यक्ति के साथ सांझा न करें।
काजल में बदबू, रंग या बनावट में बदलाव नजर आए तो उसे इस्तेमाल न करें। आंखों में पहले से लालिमा, संक्रमण, सूजन या जलन हो तो काजल लगाने से बचें। इस्तेमाल के बाद लगातार जलने, दर्द, पानी आना या धुंधला दिखाई देना शुरू हो तो इसे तुरंत साफ करें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर या आई स्पेशलिस्ट से सलाह लें। अगर आपकी आंखें संवेदनशील हैं या पहले किसी काजल से एलर्जी, अथवा जलन हो चुकी है, तो बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई नया उत्पाद आंखों में इस्तेमाल करने से बचें।


Thankyou