![]() |
| ghar-par-gulab-ke-phoolon-se-gulab-jal-kaise-banaen-fashion-beauty-how-to-make-rose-water-at-home-and-its-benefits-ghar-par-gulab-jal-kaise-banaye-or-iske-fayde. |
चेहरे को फ्रैश और ग्लोइंग बनाए रखने के लिए गुलाब जल का इस्तेमाल लंबे समय से किया जाता रहा है। यह त्वचा को ठंडक और ताजगी देने के साथ उसे हाइड्रेट रखने में मदद कर सकता है। खासकर गर्मियों में धूप से थकी और रूखी त्वचा को राहत देने के लिए
गुलाब जल का इस्तेमाल किया जाता है। यह स्किन का पी एच. बैलेंस बनाए रखने, सनबर्न से राहत देने और चेहरे पर नैचुरल ग्लो लाने में भी कारगर है। इसे टोनर या फेस मिस्ट के तौर पर इस्तेमाल करने के अलावा फेस पैक में मिलाकर भी लगाया जा सकता है।
बाजार में गुलाब जल आसानी से मिल जाता है, लेकिन आप चाहें तो घर पर भी गुलाब की ताजी पंखुड़ियों से इसे तैयार कर सकती हैं। इसके लिए आपको चाहिए-
* 2-3 कप ताजी गुलाब की पंखुड़ियां
* 2-3 कप साफ पानी
पहला तरीकाः
उबालकर बनाएं गुलाब जल सबसे पहले गुलाब की पंखुड़ियों को अच्छी तरह धो लें। एक बर्तन में इतना पानी डालें कि पंखुड़ियां पूरी तरह उसमें डूब जाएं। अब इसे धीमी मध्यम आंच पर रखें और पानी को हल्का गर्म होने दें। तेज आंच पर पानी को उबालने से बचें।
कुछ देर बाद जब पंखुड़ियों का रंग और खुशबू पानी में उतरने लगे, तो गैस बंद कर दें। मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर साफ कपड़े या वारीक छलनी से छान लें। तैयार गुलाब जल को साफ, सूखी कांच की बोतल में भरकर फ्रिज में रखें। इसे टोनर या फेस मिस्ट की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है
दूसरा तरीकाः
भाप से तैयार करें गुलाब जल इस तरीके में गुलाब की पंखुड़ियों से निकलने वाली भाप को इकट्ठा किया जाता है। सबसे पहले पंखुड़ियों को धोकर एक गहरे बर्तन में रखें और इतना पानी डालें कि वे डूब जाएं। अब बर्तन के बीच में एक साफ, गर्मी सहने वाला छोटा कटोरा रखें। इसके चारों ओर गुलाब की पंखुड़ियां और पानी रहें बर्तन को ढकने के लिए ढक्कन को उल्टा रखें और उसके ऊपर बर्फ के कुछ टुकड़े रख दें। पानी गर्म होने पर बनने वाली भाप ऊपर जाकर ठंडे ढक्कन से टकराएगी और बूंदों में बदलकर बीच में रखे कटोरे में जमा होगी। यही असली गुलाब जल है। जब पर्याप्त पानी इकट्ठा हो जाए, तो गैस बंद कर दें। कटोरे में जमा गुलाब जल को साफ, सूखी बोतल में भरकर फ्रिज में रखें।
ऐसे करें इस्तेमाल :
घर पर तैयार गुलाब जल को चेहरे पर टोनर या फेस मिस्ट की तरह लगाया जा सकता है। इसे फेस पैक में मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, घर पर तैयार किया गया गुलाब जल जल्दी खराब हो सकता है, इसलिए इसे साफ बोतल में भरकर हमेशा फ्रिज में रखें और कम मात्रा में बनाएं। इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट करना भी बेहतर है।
रोचक इतिहास :
माना जाता है कि गुलाब की पंखुड़ियों से सुगंधित जल तैयार करने की परंपरा मध्य पूर्व और फारस के इलाकों से शुरू हुई और धीरे धीरे भारत तक पहुंची। मुगल दौर में गुलाब और उससे बने इत्र व गुलाब जल का इस्तेमाल शाही महलों में खास तौर पर किया जाता था। गुलाब जल का इस्तेमाल मेहमानों के स्वागत, धार्मिक अनुष्ठानों, खान-पान और सौंदर्य देखभाल तक में होता था। भारत में इसकी खुशबू और ठंडक के कारण यह गर्मियों में खास पसंद किया गया।



Thankyou