दक्षिण भारत के तमिलनाडु में स्थित कांचीपुरम प्राचीन काल में केवल मंदिरों और धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं था, बल्कि यह वेदों, संस्कृत, बौद्ध दर्शन, जैन धर्म और विभिन्न शास्त्रों के अध्ययन के लिए भी प्रसिद्ध था। इसे प्राचीन भारत के प्रमुख शिक्षा केंद्रों में गिना जाता था। संस्कृत साहित्य में इसकी प्रतिष्ठा का अनुमान 'नगरेषु कांची' अर्थात नगरों में कांची श्रेष्ठ है, जैसी प्रसिद्ध उक्ति से लगाया जाता है।
![]() |
| प्राचीन भारत के ज्ञान-केंद्र 'कांचीपुरम' |
कांचीपुरम की प्रसिद्ध शिक्षण व्यवस्था में 'घटिका' अथवा 'घटिकास्थान' का उल्लेख मिलता है। इसे उच्च शिक्षा प्रदान करने वाली प्राचीन संस्था के रूप में समझा जाता है। यहां विद्वान विद्यार्थियों को शास्त्रों का अध्ययन कराते थे और विभिन्न विषयों पर चर्चा तथा शास्त्रार्थ की परंपरा प्रचलित थी। अभिलेखीय साक्ष्य कांचीपुरम को प्राचीन काल से ही एक प्रतिष्ठित विद्या-केंद्र के रूप में स्थापित करते हैं।
क्या पढ़ाया जाता था यहां ?
इस प्रकार कांचीपुरम की शिक्षा केवल धार्मिक ग्रंथों के पाठ तक सीमित नहीं थी। तर्क, विचार-विमर्श, भाषाई दक्षता और दार्शनिक चिंतन भी इसके महत्वपूर्ण अंग थे। यहां की शिक्षण परंपराओं में प्रमुख रूप से निम्नलिखित विषय शामिल थे :
1. वेद और वेदांग: वेदों के पाठ, मंत्रों के अर्थ, धार्मिक अनुष्ठानों तथा वेदांगों का अध्ययन कराया जाता था। वेदांगों में व्याकरण, छंद, निरुक्त, शिक्षा, कल्प और ज्योतिष जैसे विषय शामिल थे।
2. संस्कृत और व्याकरण: संस्कृत भाषा, साहित्य, शास्त्रीय रचताओं और भाषा के नियमों का अध्ययन महत्वपूर्ण था। विद्वान भाषा की शुद्धता, ग्रंथों की व्याख्या और तर्कपूर्ण अभिव्यक्ति पर बल देते थे।
3. दर्शन और न्यायशास्त्र विभित्र दार्शनिक विचारधाराओं, तर्कशास्त्र, मीमांसा और धार्मिक ग्रंथों की व्याख्या का अध्ययन किया जाता था। शास्त्रार्थ के माध्यम से विद्यार्थी अपने विचारों को तर्क के आधार पर प्रस्तुत करना सीखते थे।
4. बौद्ध और जैन अध्ययन कांचीपुरम में बौद्ध विहारों और जैन शिक्षण केंद्रों की भी परम्परा रही। यहां बौद्ध दर्शन, नैतिक शिक्षाओं, जैन सिद्धांतों और धार्मिक साहित्य का अध्ययन होता था।
5. अन्य विषय: प्राचीन शिक्षा परंपराओं में साहित्य, चिकित्सा और कुछ व्यावहारिक विषयों का भी महत्व था। हालांकि, सभी विषय हर संस्थान में पढ़ाए जाते थे, ऐसा निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता।
कौन थे यहां के प्रसिद्ध विद्वान ?
कांचीपुरम की बौद्धिक परम्परा से अनेक प्रसिद्ध विद्वानों और धार्मिक चितकों के नाम जुड़े हैं। इनमें धर्मपाल का विशेष उल्लेख किया जाता है, जिन्हें बौद्ध विद्वान और नालंदा से संबंधित आचार्य के रूप में जाना जाता है। बोधिधर्म का नाम भी कांचीपुरम से संबंधित परंपराओं में मिलता है।
कांचीपुरम का संबंध मयूरशर्मन से भी महत्वपूर्ण है। कदंब वंश के संस्थापक मयूरशर्मन के बारे में तलागुंड अभिलेख बताता है कि वह अपने गुरु और दादा वीरशर्मन के साथ कांची आए थे, जहां उन्होंने वैदिक अध्ययन किया। बाद में उनका जीवन राजनीतिक दिशा में आगे बढ़ा। यह विवरण कांचीपुरम की उस समय की शैक्षिक प्रतिष्ठा का महत्वपूर्ण संकेत देता है।
चीनी यात्री ह्वेनसांग ने सातवीं शताब्दी में कांचीपुरम की (क्रमश:) यात्रा की थी और यहां के बारे में लिखा था।



Thankyou