![]() |
| 1 साल से छोटे बच्चे को गाय का दूध दें या नहीं |
जन्म के बाद से 1 साल की उम्र तक बच्चे की सेहत का खास ध्यान रखना होता है। इस दौरान उसकी इम्यूनिटी कमजोर रहती है। ऐसे में संक्रमण का खतरा होता है। इस उम्र के बच्चों को डॉक्टर हल्का खाना देने की सलाह देते हैं। बच्चे को मां का दूध और दाल का पानी जैसे फूड बेहतर होते हैं लेकिन कुछ महिलाएं 1 साल से कम उम्र तक के बच्चे को अपना दूध नहीं पिला पाती हैं और इस स्थिति में गाय का दूध शुरू कर देती हैं, लेकिन क्या ऐसा करना ठीक है?
1 साल से छोटे बच्चे को गाय का दूध देना चाहिए या नहीं इस बारे में दिल्ली एम्स में पीडियाट्रिक्स विभाग में डॉ. हिमांशु भदानी कहते हैं कि 'अमेरिकन एकैडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स' के अनुसार 12 महीने से कम उम्र के बच्चों को सिर्फ मां का दूध या आयरन युक्त इन्फैंट फॉर्मूला ही देना चाहिए।
कई कारणों से कम उम्र के बच्चों के लिए गाय का दूध देना सही नहीं है। बच्चे गाय के दूध को मां के दूध जितनी आसानी से नहीं पचा पाते हैं। गाय के दूध मैं प्रोटीन और मिनरल की मात्रा बहुत अधिक होती है. जो आपके बच्चे की किडनी पर दबाव डाल सकती है। गाय के दूध में आयरन, विटामिन 'सी' और फैटी एसिड जैसे जरूरी पोषक तत्व सही मात्रा में नहीं होते हैं।
गाय के दूध में आयरन कैम होता है। इसे जल्दी शुरू करने का मतलब है कि बच्चे के शरीर में आयरन की कमी हो सकती है। इससे एनीमिया होता है। कुछ मामलों में ये आंतों से ब्लीडिंग का कारण बन सकता है। गाय के दूध में मौजूद प्रोटीन बच्चे के पेट की अंदरूनी परत में जलन पैदा कर सकते हैं, जिससे बहुत हल्की ब्लीडिंग और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
बच्चे के लिए क्या है बैस्ट डाइट ?
बच्चे के जन्म के 6 महीने तक तो केवल मां का दूध बैस्ट है। अगर यह नहीं मिल पा रहा है तो आयरन युक्त इन्फैंट फॉर्मूला दे सकते हैं। 6 महीने की उम्र के बाद धीरे- धीरे ठोस आहार शुरू करना चाहिए। इसमें 6 से 8 महीने की उम्र तक बच्चे को मसले हुए केले. एवोकाडो या नरम पकी हुई सब्जियों जैसे गाजर या शकरकंद दे सकते हैं। 9 से 12 महीने की उम्र तक बारीक कटे हुए फिंगर फूड, दाल और थोड़ी मात्रा में दही देना शुरू कर सकती हैं।



Thankyou