मासिक धर्म का दर्द सभी लड़कियों व महिलाओं को होता है। यह दर्द किसी को अधिक तो किसी को कम होता है जो आमतौर पर पेट में मांसपेशियों की दर्दनाक ऐंठन के रूप में महसूस होता है और जांघों से लेकर पीठ तक फैल सकता है।

कभी-कभी दर्द तीव्र ऐंठन जैसा या हल्का लेकिन लगातार महसूस होता है। इसके साथ मतली, दस्त, उल्टी, चक्कर आना और सिरदर्द जैसे अन्य लक्षण भी हो सकते हैं। हालांकि, पीरियड के दर्द में आप कुछ सरल उपाय अपना सकती हैं, जो इसे कम करने में मदद कर सकते हैं।
❤ व्यायाम : पीरियड्स में दर्द के दौरान व्यायाम करना थोड़ा कठिन लग सकता है, पर यह दर्द से राहत दिलाने में मदद करता है।
हालांकि, आपको यह ध्यान देना चाहिए कि आप ऐसे समय में कुछ हल्के व्यायाम ही करें। जैसे, आप वॉकिंग कर सकती हैं या साइकिल चला सकती हैं। इससे आपको आराम मिलेगा।
❤ हीटिंग पैड : पीरियड्स में हीटिंग पैड या गर्म पानी की बोतल पेट की मांसपेशियों में ऐंठन से राहत दिलाती है। इस दौरान पीठ दर्द से लड़ने के लिए हीट पैड को पीठ के निचले हिस्से में रखा जा सकता है।
❤ मालिश : आप अपने पेट के चारों ओर हल्की, गोलाकार मालिश करने का प्रयास कर सकती हैं। इससे पीरियड्स के दर्द को कम करने में मदद मिल सकती है। यह एक सरल और प्रभावी उपाय है, जो आप स्वयं कर सकती हैं।
❤ गर्म पानी : गर्म पानी से नहाने पर रक्त वाहिकाओं को फैलने में मदद मिलती है, जिससे ब्लड फ्लो तेजी से बढ़ता है। जब आप गर्म पानी से नहाती हैं, तो खुद ही आराम महसूस करती हैं, क्योंकि आपकी मांसपेशियां शांत होती हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार, गर्म पानी से स्नान करना या गर्म तरल पदार्थों का सेवन भी पीरियड्स के दौरान आराम देता है।
❤ खानपान : पीरियड्स के दौरान आपको उच्च फाइबर वाले खाद्य पदार्थ और भरपूर मात्रा में सलाद तथा सब्जियां खानी चाहिएं। अपने दैनिक आहार में विटामिन 'ई' की खुराक शामिल करने से मासिक धर्म के दर्द में मदद मिल सकती है। इस दौरान बाहर के खानों से बचना चाहिए।
Thankyou